Tuesday, January 13, 2015

कविता नहीं है ये

इन पन्नों पे
बिखरे पड़े ये अल्फाज़
जिन्हें तुम शायरी 
समझ
मेरी तारीफ में
क़सीदे गढ़ते हो...
शायरी नहीं है ये,
ये तो हैं वो रिसते 
हुए ज़ख्म
जिसे पोंछा था
मैंने कागज़ों से।

ये जिन गीतों
को सुन
बताते हो मुझे
तुम,
प्रवर्तक कोई
साहित्य की दिव्य 
प्रथा का...
गीत नहीं हैं ये,
ये तो हैं वो
सिसकियां
जो अक्सर
मचाती हैं शोर
उदास पड़े वीरानों में।

इन हाथों से लिखी
वो हर इक इबारत
जो करती थी पैदा
गुमान,
तुममें भी मेरी
होशियारी का...
क़सम से!
वो इबारतें
नहीं हैं प्रतीक,
किसी
तीक्ष्ण प्रज्ञा का।
बस छींटे हैं वो
उस कलम की स्याही के
जिसे आंसुओं की 
दावात में डुबो के
भरा था मैंने।

अच्छा ये नहीं,
कि निकल जाती है
पीड़ा,
इन अल्फाज़ों से...
अच्छा  तो तब होता
जब कोई पीड़ा ही
 न होती।
यकीन मानो!
इन गीतों, मिसरों
और कविताओं
पे बजने वाली
तालियां,
रूह के सन्नाटों
को और गहरा ही बनाती हैं।

Thursday, January 1, 2015

बीते तो हम है..साल नहीं !

आंसू,
आंख से निकल चुकने 
के बाद भी
ज़िंदा रहते हैं
कुछ वक्त
सीलन लिये
कोमल कपोलो पर।

ज़ख्म,
भर चुकने के बाद भी
रिस उठते है
कई मर्तबा फिर
ठेस
तनिक सी खाने पर।

और वो तूफाँ,
गुज़र जाने के बाद भी
देता है
अपना परिचय
खुद के बनाये
उजाड़ के ज़रिये।

कहो तो ज़रा!
है भला कौन?
जो असल में
बीत पीता है..
खुद के 
बीत जाने के बाद।

ये ऋतुएं,
ये दिन-ये रात,

ये रोशन फिज़ाएं।
ये ग़म-ये खुशियां
ये चंचल अदायें...
सब कुछ,
फिर-फिर तो लौट
आते हैं
जाने के बाद।

तो आखिर!
करें ग़म जाने का 
किसके?
और
आने पे किसके हम
करें रोशन समां?
सब ही तो
आके जाते हैं
और जाकर
फिर लौट आते हैं।
गर न लौटे तब भी वे
यादों में खिलखिलाते हैं।

तो कहो न!
बीता है आखिर कौन?
क्या 2014?
नहीं..कतई नहीं,
वो तो अब भी
रूह की दीवार में ठुकी
स्मृतियों की कील पे
बाक़ायदा टंगा है।
हाँ...
कुछ वरक़ मेरे ही
पलट गये हैं।

Sunday, December 7, 2014

सर्दियां

घरों से निकल गये हैं
बाहर सभी
अलाव, सिगड़ियां
और पेटियों में बंद पड़ी
कम्बल-रजाई।



कुहासे ने ले लिया है
सूरज की तीक्ष्ण आभा को भी
अपनी श्वेत धुंध के आगोश में।
और
पद्मपत्रों पर पड़ी
ओस की बूंदे भी
बन गई है सख़्त
बदलकर
बर्फीले मोतियों में।
पाला, तुषार और
बेहिसाब बर्फवारी...
कई उम्मीदों को भी
ढक देती हैं
ज़मीं की हरितमा की तरह।

सच,
मासूम से दिखने वाली
ये सर्दियां
भी बड़ी बेरहम मिज़ाज की होती हैं।


पर मेरे लिये नहीं,
क्योंकि मेरे अक्स में
दहक रहा है अलाव
तेरी हस्ती का।
और गुजरे लम्हों की
आंच,
सुलगा देती है मुझे
रह-रहकर।



वो तेरे सिरहाने
होने वाले मेरे हत्थु-तकिये
फिर करना नुमाईश
बांहों के कम्बल की।
और ऐसे ही वो खरीदे हुए
ढीले स्वेटर
जो एक में ही देते थे
पनाह हम दोनों को।
अब भी,
दूर से ही
मेरी सर्दी भगाते हैं.....


'सर्दियां'
जमाने को जमाती होंगी
अपनी सर्द लहरों से...
पर मैं,
बीते लम्हों से मिली
यादों की तपन से
हर पल पिघलता हूँ।

Sunday, November 16, 2014

मुझमें 'तू'

जीवन की बासलीका दौड़ में

कुछ बेदस्तूरियां भी
होती है ठहरी
कहीं
हमें बताने को
कि
हम भी बिखरे हैं
औरों की तरह।

रस्मों-रिवाज़
और पूरी संजीदगी से
ये ज़िंदगी बिताने पर भी,
कुछ तो है
कैद इस सीने में
जो जीने नहीं देता..
मुझे पीने नहीं देता
उमंगो का प्याला।

बदन में चुभी फांस की तरह
न लौटी हुई सांस की तरह
उधड़े हुए लिबास की तरह
न मिटने वाली प्यास की तरह
जो रुका हुआ है मुझमें!
वो कोई और नहीं
तुम ही तो हो...

हाँ! वो तुम्ही तो हो
जिसने अपनी हिरासत में
मेरी रूह को रख
जिस्म को खुल्ला छोड़ा है।
तुम ही तो हो
जिसने अदृश्य तंतु
से खुद को बांध,
मुझसे
बस कहने को नाता तोड़ा है।

और बस इसलिये ही तो
आईने के सामने होता हूँ मैं
पर दिखते हो तुम,
अनजानी राहों पे भटकता हूं मैं
पर मिलते हो तुम।
यादों की लू में झुलसता हूँ मैं
पर खिलते हो तुम,
और कुछ ऐसे ही
खुले पड़े ज़ख्मों को भरता हूँ मैं
पर फिर भी रिसते हो तुम।।

कई कोस का फासला 
इकदूजे के बीच रखने के बावजूद
'तू'
ले रही है सांसे 
मेरे ही अंदर
किसी परजीवी की भांति..
और मुझसे मेरी ही शिनाख्त
छीनकर
हुई है पल्लवित
'तू'
कोई हाल ही में खिला
गुलाब बनकर।
अपनी बुद्धिमत्ता से 
यूं तो 
सुलझाये हैं कई सवाल मैंने
पर इक तू  है
जो थमी है मुझमें ही कहीं
कोई उलझा हुआ 
जबाव बनकर।।

Wednesday, November 5, 2014

तुझमें 'मैं'

हाँ भुला दो..
है छूट तुम्हें पूरी
कि अब तुम भुला ही दो।
अब तो धुंधली पड़ ही गई होंगी
वो स्मृतियां...
जिसमें तुम साथ थे
हाथों में लिये हाथ थे
रुहानी जज़्बात थे।

हाँ भुला दो न!
बार-बार ये जताने से अच्छा है
एक बार भुला ही देना
और कर देना
अजनबी मुझे
पीछे छूटे किसी दरख़्त की तरह।

तुम्हारी इन लाख कोशिशों के बावजूद
मैं फिर उभर आऊंगा..
जब पेड़ से पत्ता कोई झरेगा
जब हवा का झोंका कोई
ज़ुल्फ तेरी छूएगा 
या महफिल में कभी
गीत कोई बजेगा।

इन असंख्य हरकतों से
जो भी कुछ तेरी रूह में
उभरा होगा..
कोई अहसास बनकर
लिबास बनकर
या अनकही सी प्यास बनकर
वो 'मैं' ही हूँ।
क्यूंकि तेरे लाख आगे बढ़ जाने 
के बावजूद
मैं चस्पा हूँ तुझमें कहीं
इक खरोंच बनकर।

सुन!
जिन खुशियों ने आज 
थामा है तेरा दामन
वो कुछ और नहीं
दुआएं हैं मेरी...
और ऐसे ही जो जितना भी
ग़म मिला है बरकत में तुझे
वो मेरे न होने का ही असर है
करीब तेरे।
क्यूंकि मेरी नज़दीकियां उसे 
भी फ़ना कर देती इक चुटकी में।

मैं, मैं, बस मैं ही तो हूँ
आंख से गिरी उन पानी की बूंदों में
जो आ जाती हैं बाहर
अक्सर तन्हाई में,
दिल के समंदर में उठे
ज्वार के कारण
और
मैं ही हूँ
लवों पे बिखरी
उस मुस्कुराहट में,
जो मेरा ख़याल आने पर
आज भी तेरे गालों को लाल
कर देती हैं।

तेरा अक़्स बेवफाई कर
हो सकता है जुदा तुझसे
पर मैं,
मैं अब भी उलझा हूँ
तुझ में कहीं
इक सुलझा हूआ सवाल बनकर।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...

Post Comment